RTI की लड़ाई में BSA सोनभद्र को ₹25 हजार जुर्माने की चेतावनी

Uncategorized

संवाद दाता:-शमीम हसन 

सोनभद्र | 27 नवंबर 2026 निजी स्कूलों में महंगी किताबों की बिक्री और उनके मूल्य निर्धारण से जुड़ी जानकारी न देना जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), सोनभद्र को भारी पड़ सकता है। उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए को आगामी सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से तलब किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर RTI अधिनियम की धारा 20(1) के तहत अधिकतम ₹25,000 का जुर्माना लगाया जा सकता है।

यह मामला आर्यनगर, रॉबर्ट्सगंज निवासी एवं सूचना का अधिकार कार्यकर्ता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अमान खान की ओर से दायर आरटीआई आवेदन से जुड़ा है। उन्होंने 4 अप्रैल 2026 को ऑनलाइन आवेदन संख्या DMOSB/R/2026/60152 के माध्यम से निजी विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों के मूल्य निर्धारण, बिक्री, विभागीय अनुमोदन और शुल्क निर्धारण अधिनियम के अनुपालन से संबंधित पांच बिंदुओं पर प्रमाणित सूचनाएं मांगी थीं।

जिलाधिकारी कार्यालय ने 7 अप्रैल 2026 को आवेदन RTI अधिनियम की धारा 6(3) के तहत बीएसए कार्यालय को अंतरित कर दिया था। लेकिन निर्धारित समय में सूचना उपलब्ध नहीं होने और प्रथम अपील के बाद भी संतोषजनक जवाब न मिलने पर अमान खान ने 15 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग में द्वितीय अपील दाखिल की।

आयोग ने क्या पाया?

द्वितीय अपील संख्या S07/A/1611/2026 एवं पंजीकरण संख्या A-20260701570 पर सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम के सुनवाई कक्ष एस-7 में सुनवाई हुई। पत्रावली के अवलोकन में आयोग ने पाया कि बीएसए कार्यालय की ओर से केवल खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के लिए पत्र भेजा गया, जबकि आवेदक को मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं।

आयोग ने जन सूचना अधिकारी/बीएसए सोनभद्र को सभी बिंदुओं पर प्रमाणित सूचनाएं टेबुलर प्रारूप में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

21 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई

आयोग ने बीएसए को 21 दिसंबर 2026 को सुनवाई कक्ष एस-7 में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया है। उन्हें बताना होगा कि निर्धारित समयसीमा में आवेदक को सूचना क्यों उपलब्ध नहीं कराई गई।

आयोग के निर्देशानुसार, संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर RTI अधिनियम की धारा 20(1) के तहत ₹250 प्रतिदिन की दर से अधिकतम ₹25,000 का अर्थदंड लगाया जा सकता है।

अमान खान का कहना है कि यह मामला केवल एक आरटीआई आवेदन तक सीमित नहीं है, बल्कि निजी विद्यालयों में किताबों के मूल्य निर्धारण, बिक्री की पारदर्शिता और विभागीय जवाबदेही से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।