मथुरा: वृंदावन में साल के अंतिम माह में ठा. श्री बांकेबिहारी के दर्शन के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया है। नववर्ष पर विभिन्न मंदिरों में विशेष आयोजन की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। बांकेबिहारी मंदिर को नववर्ष की पूर्व संध्या पर जहां रंग बिरंगे गुब्बारों और फूलों से सजाया जाएगा वहीं ठाकुरजी को नयनाभिराम पोशाक धारण कराई जाएगी। इस्कॉन मंदिर बदले स्वरूप में नजर आएगा। बृहस्पतिवार को ठाकुर श्रीबांके बिहारी मंदिर भक्तों से भरा रहा। बांकेबिहारी मंदिर में सर्दी के मौसम में सुबह पट खुलने से पहले ही हजारों की संख्या में भक्त मंदिर के दर पर पहुंच गए। गेट बंद होने के कारण बाहर ही कीर्तन करने लगे। जैसे ही 8.45 बजे पर मंदिर के गेट खुले भक्त जयकारे लगाते हुए मंदिर प्रांगण में पहुंच गए। आराध्य के दर्शन पाकर उनकी अभिलाषा पूर्ण हुई। शाम को भी दर्शन के लिए भीड़ रही।




