सुमली नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत, गांवों में पसरा मातम

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

रामनगर थाना क्षेत्र के करसा कला गांव के पास स्थित सुमली नदी में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसे में भैंस चराने गए दो नाबालिग किशोरों की डूबने से मौत हो गई।

 

जानकारी के अनुसार पुरैना निवासी अर्पित (11) पुत्र सियाराम तथा रतनपुर निवासी अतुल (13) पुत्र दयाराम सुबह भैंस चराने निकले थे। दोपहर करीब दो बजे भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए दोनों नदी में नहाने उतर गए। बताया जाता है कि खेलते-खेलते वे गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। नदी किनारे मौजूद अन्य बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पीआरबी-112 और रामनगर थाना पुलिस स्थानीय गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद दोनों किशोरों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना पर उपजिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी, तहसीलदार विपुल सिंह, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह तथा चौकी प्रभारी रजनीश कुमार पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। तहसीलदार विपुल सिंह ने बताया कि नियमानुसार मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। घटना के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।