उत्तर प्रदेश ब्यूरो हेड रिंकू सिंह
*पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार के दो इनामी लुटेरे गिरफ्तार,दोनों के पैर में लगी गोली*
Anchor- आजमगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महिला लूट और छिनैती की वारदातों से इलाके में दहशत फैलाने वाले 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से लूट का सामान, अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई केटीएम बाइक बरामद हुई है।
V. O- फूलपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महिला लूट की घटनाओं में शामिल दो शातिर बदमाश बिना नंबर प्लेट की केटीएम बाइक से मुड़ियार ईदगाह के पास मौजूद हैं और किसी नई वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पुलिस वाहन की हेडलाइट क्षतिग्रस्त हो गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के दाहिने पैर में गोली लगी और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान समीर पुत्र अफसर निवासी सहजेरपुर और शिव कुमार राजभर उर्फ लाला निवासी चकबहार, थाना फूलपुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ फूलपुर और सरायमीर थाना क्षेत्र में महिला लूट और छिनैती के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे केटीएम बाइक की तेज रफ्तार का फायदा उठाकर महिलाओं और राहगीरों को निशाना बनाते थे। बदमाश सुनसान स्थानों पर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाते थे। आरोपियों ने फूलपुर और सरायमीर क्षेत्र में महिलाओं से पर्स और मोबाइल लूटने की घटनाओं को स्वीकार किया है। साथ ही माहुल, पवई समेत अन्य इलाकों में भी मोबाइल छिनैती की वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार मोबाइल फोन, एक जोड़ी चांदी की पायल, 1577 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त केटीएम-250 मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और पुराने आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है। फूलपुर पुलिस की इस कार्रवाई से महिला लूट और छिनैती की घटनाओं पर बड़ा अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस गिरफ्तार बदमाशों के नेटवर्क और अन्य वारदातों की भी जांच में जुटी है।
Bite- क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरनपाल सिंह




