संवाद दाता:-सलीम जावेद
वाराणसी। आज दिनांक 17/05/2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं बाधारहित बनाने के उद्देश्य से “ऑपरेशन चक्रव्यूह” एवं RTC (Reducing Traffic Congestion) Scheme के अंतर्गत विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत सिगरा क्षेत्र में आंध्रापुल से इंग्लिशिया लाइन एवं कैंट रेलवे स्टेशन तक प्रमुख मार्गों का पैदल भ्रमण कर यातायात संचालन व्यवस्था,
अतिक्रमण, अवैध पार्किंग एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, त्रुटिपूर्ण एवं अवैध नंबर प्लेट लगे वाहनों की सघन जांच कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। रांग साइड वाहन संचालन करने वाले चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की गई, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करते हुए यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं अनुशासित बनाया जा सके। विशेष चेकिंग अभियान के दौरान कुल 94 वाहनों को सीज़ किया गया तथा 792 वाहनों का चालान करते हुए कुल 18,58,500/- रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। साथ ही अवैध ऑटो रिक्शा स्टैंडों, सड़क अतिक्रमण एवं यातायात बाधित करने वाले ठेला-खुमचा संचालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए तथा प्रमुख मार्गों, बस अड्डों एवं रेलवे स्टेशन के आसपास अनैतिक एवं विधिविरुद्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने हेतु निर्देशित किया गया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री गौरव बंसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री वैभव बांगर तथा संबंधित सहायक पुलिस उपायुक्त व थाना प्रभारी सहित पुलिस बल उपस्थित रहे ।




