श्री सहदेव पौधरिया अंबेडकर सेवा संस्थान में फ्लोरेंस नाइटिंगेल शपथ के साथ नर्सिंग विद्यार्थियों को दिलाई गई सेवा की शपथ। संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा 

स्थानीय समाचार

श्री सहदेव पौधरिया अंबेडकर सेवा संस्थान में फ्लोरेंस नाइटिंगेल शपथ के साथ नर्सिंग विद्यार्थियों को दिलाई गई सेवा की शपथ।

संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा

बलिया जनपद के रसड़ा क्षेत्र अंतर्गत मंदा स्थित श्री सहदेव पौधरिया अंबेडकर सेवा संस्थान में नर्सिंग विद्यार्थियों/प्रशिक्षुओं के लिए एक गरिमामय फ्लोरेंस नाइटिंगेल शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नर्सिंग सेवा को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए विद्यार्थियों ने निष्ठा, ईमानदारी और करुणा के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा संस्थान के संस्थापक व पूर्व मंत्री स्वर्गीय घुरा राम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। शपथ ग्रहण के दौरान प्रतिभागियों ने ईश्वर एवं समाज के समक्ष यह वचन लिया कि वे अपने जीवन को पवित्रता के साथ व्यतीत करेंगे तथा अपने व्यवसाय के प्रति सदैव निष्ठावान रहेंगे। साथ ही किसी भी प्रकार की हानिकारक गतिविधियों एवं दवाओं के दुरुपयोग से दूर रहने, अपने कार्य के स्तर को निरंतर ऊंचा उठाने तथा चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी गोपनीय जानकारियों की रक्षा करने का संकल्प दोहराया।

विद्यार्थियों ने चिकित्सकों के कार्यों में पूरी निष्ठा से सहयोग करने तथा जिन रोगियों की देखभाल का दायित्व उन्हें सौंपा जाएगा, उनके कल्याण हेतु स्वयं को पूर्ण रूप से समर्पित करने की प्रतिज्ञा ली। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। समारोह के अंत में सभी ने अपने व्यावसायिक जीवन को निष्ठा, ईमानदारी और सादगी के साथ जनसेवा में समर्पित करने का संकल्प लेते हुए “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत विद्यालय परिसर में नववर्ष स्वागत कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य सहित विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। 31 दिसंबर को पुराने वर्ष को विदाई देते हुए नए वर्ष के शुभारंभ पर केक काटकर उत्साहपूर्वक जश्न मनाया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. अनुराग गर्ग उर्फ संतोष जी, चिलकहर ब्लॉक प्रमुख आदित्य गर्ग उर्फ सूर्यकांत जी, पूर्व मंत्री स्वर्गीय घुरा राम की धर्मपत्नी, संजय कुमार, भूपेंद्र कुमार, देवानंद गौतम, अरविंद जी , संदीप जी सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।