तालाब में डूबकर चौदह वर्षीय बालक की मौत

स्थानीय समाचार

नीरज शुक्ला (संवाददाता रामनगर बाराबंकी)

कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बलदान पुरवा मजरे मड़ना में एक दर्दनाक घटना हो गई जिसमें एक चौदह वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार विकास पुत्र भाई लाल उम्र करीब चौदह वर्ष अपने साथी के साथ मवेशी को लेकर खेत में चराने गया था। उसी समय पास के ही तालाब में नहाने लगा जिसके बाद वह तालाब से निकल नही पाया।

यह देखकर मौके पर दूसरे साथी ने उसे बचाने का प्रयास किया किंतु वह सफल न हो सका जिसके बाद वह दौड़ते हुए गांव वालों को लेकर आया। इस घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

गांव वालों ने उस बालक को तालाब से निकाल कर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर लेकर आए जहां पर उपस्थित डॉक्टर हासिम ने उसे मृत घोषित कर दिया तथा इसकी सूचना रामनगर पुलिस को दी।

सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह ने आवश्यक लिखा पढ़ी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है तथा विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।