राघवेंद्र मिश्रा
बाराबंकी
जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को 16 से अधिक लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है, जबकि टिकैतगंज कस्बे की एक युवती की तेज बुखार से मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम नगर के फैजुल्लागंज व लखपेड़ाबाग में दवा का छिड़काव व सैंपल लेने पहुंची। 40 से अधिक लोगों का सैंपल लिया गया। यहां पूर्व में डेंगू के मरीज मिले थे।
निंदूरा– टिकैतगंज के बाद कुर्सी में वायरल फीवर बढ़ रहा है। बुधवार को कुर्सी कस्बा में वायरल फीवर से ज्योति पत्नी शशिकांत मिश्रा की मौत हो गई। करीब एक सप्ताह पहले शशिकांत मिश्रा वायरल फीवर से पीड़ित थे। जिनका लखनऊ में इलाज चल रहा था।
ज्योति मिश्रा पति की देखरेख के लिए अस्पताल में साथ थीं। पति की हालत में सुधार हुआ तो ज्योति मिश्रा की हालत बिगड़ गई। दोनों का एक ही अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां पर ज्योति की मौत हो गई। वहीं कस्बे में मुकीम, नईम, शाकिब सहित करीब एक दर्जन लोग वायरल फीवर से पीड़ित चल रहे हैं, जिनका निजी अस्पताल से इलाज चल रहा है। नगर के फैजुल्लागंज निवासी मीनू वर्मा, उनके पति अशोक वर्मा को जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनका इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। दरियाबाद में रागिनी, फुलेरा भी डेंगू से ग्रस्त हैं। घर पर उनका इलाज चल रहा है।
देवा– जगदीशपुर निवासी अनिल सिंह पुत्र राम पुकार सिंह को डेंगू के लक्षण मिलने पर सीएचसी के जेई वार्ड में भर्ती किया गया। प्रभारी राधेश्याम गोंड ने बताया कि पीड़ित को कई दिनों से बुखार है। डेंगू का संदेह है, इसलिए नमूना एलाइजा टेस्ट के लिए लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही पुष्टि होगी। 
त्रिवेदीगंज– संचारी रोग अभियान के तहत सीएचसी त्रिवेदीगंज अधीक्षक डा. प्रणव श्रीवास्तव ने तेजवापुर, गौरवा उस्मानपुर, दहिला आदि गांवों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को मच्छरजनित व गंदे पानी से होने वाली बीमारियों के लक्षण व सावधानियों के बारे में बताया।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान अब 31 तक
जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान सात से 21 अक्टूबर तक चलाया गया। इसके तहत स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया। अब इस अभियान को 31 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है।
जिला मलेरिया अधिकारी अविनाश चंद्र ने बताया कि 21 अक्टूबर डेंगू की 1205 जांचे हुईं, जिसमें 120 लोगों में लक्षण मिले। 831 लोगों की कोविड जांच हुई, दो में लक्षण मिले। 517 लोगों में टीबी के लक्षण मिले। 3017 बुखार लक्षण वाले रोगी मिले। 199 बच्चे अति कुपोषित मिले। सभी का उपचार विशेषज्ञों की देखरेख किया गया।
उन्होंने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान अभी 31 अक्टूबर तक चलेगा। लोगों को संचारी रोगों से बचने के उपाय बताए जा रहे हैं। साथ ही, लार्वा निरोधक दवा का छिड़काव और फागिंग भी कराई जा रही है।
अच्छी सेहत के लिए छोटी-छोटी आदतों पर ध्यान देना जरूरी
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी डा. डीके श्रीवास्तव ने बताया कि अच्छी सेहत के लिए छोटी-छोटी आदतों पर ध्यान देना जरूरी है। लापरवाही बरतने पर एक छोटा सा मच्छर आपको डेंगू या मलेरिया जैसी घातक बीमारियां दे जाता है। डेंगू का मच्छर अन्य से अलग होता है। इसके शरीर पर काली एवं सफेद रंग की पट्टियां पाई जाती हैं।
आसपास रखें सफाई
सीएमओ डा. अवधेश कुमार ने लोगों से अपील की है कि अपने घरों के आसपास साफ-सफाई रखें। जलजमाव न होने दें। जलजमाव वाले पात्रों को नष्ट कर दें। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें और पूरी आस्तीन वाली कपड़े ही पहनें।




