महामंडलेश्वर के नेतृत्व में श्रीनाथ सरोवर के घाटों की सफाई — छठ पर्व की तैयारियों को लेकर एसडीएम, एसएचओ व नगरपालिका अधिकारियों ने की बैठक
रिपोर्ट: उमाकांत विश्वकर्मा, रसड़ा (बलिया)

आगामी महापर्व डाला छठ को लेकर रसड़ा क्षेत्र में तैयारियां तेज़ हो गई हैं। शुक्रवार की सुबह उपजिलाधिकारी रवि कुमार, प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह व नगर पालिका अधिशासी अधिकारी ने रसड़ा स्थित श्रीनाथ मठ पहुंचकर महामंडलेश्वर स्वामी कौशलेंद्र गिरी जी महाराज एवं पूर्व चेयरमैन वशिष्ठ नारायण सोनी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में छठ महापर्व के शांतिपूर्ण व व्यवस्थित आयोजन पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके बाद महामंडलेश्वर के नेतृत्व में अधिकारियों ने श्रीनाथ सरोवर घाटों का निरीक्षण कर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती, बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
एसडीएम रवि कुमार ने नगर पालिका टीम को स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा, वहीं एसएचओ योगेंद्र बहादुर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार करते हुए स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा, “किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालु किसी भी समस्या की सूचना तुरंत पुलिस को दें, त्वरित समाधान किया जाएगा।”
इस मौके पर अनिल सोनी, संगम, शुभम मद्धेशिया, राहुल सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
बताते चलें कि महामंडलेश्वर स्वामी कौशलेंद्र गिरी जी महाराज के मार्गदर्शन में हाल ही में ऐतिहासिक रसड़ा रामलीला का सफल समापन हुआ, और अब पूरा क्षेत्र छठ महापर्व की तैयारियों में जुट गया है।




