डेहरी गांव में सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, “रोड नहीं तो वोट नहीं” का नारा बुलंद।
रसड़ा (बलिया)।
बलिया जनपद के रसड़ा विकासखंड अंतर्गत डेहरी गांव में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। गांव की जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने एक स्वर में “रोड नहीं तो वोट नहीं” का नारा बुलंद करते हुए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 10 वर्षों से वे इस सड़क की दुर्दशा का दंश झेल रहे हैं। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि सड़क और नाली में फर्क कर पाना मुश्किल हो गया है। जगह-जगह पानी भरा रहता है, जिससे राहगीरों का चलना दूभर हो गया है। स्कूली बच्चों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, वहीं ग्रामीण और राहगीर आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
ग्रामीण रावित्स सिंह, जसवंत सिंह, अमित कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह, भानु प्रताप सिंह, प्रवीण जी, लाल बहादुर जी , राहुल जी, रामशरण जी सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर उन्होंने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को पत्रक सौंपे, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि रसड़ा के “विकास पुरुष” कहे जाने वाले विधायक उमाशंकर सिंह को भी कई बार मौके की स्थिति दिखाई गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला।
वहीं जब इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजय कुमार से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि सड़क विधायक निधि से पास हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य कराया जाएगा। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि यही बात वे वर्षों से सुनते आ रहे हैं। कई बार सड़क की नापी-जोखी भी हुई, लेकिन आज तक निर्माण शुरू नहीं हुआ।
लगातार उपेक्षा से आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वे आने वाले चुनाव में किसी भी जनप्रतिनिधि को वोट नहीं देंगे। गांव में “रोड नहीं तो वोट नहीं” के नारों के साथ विरोध प्रदर्शन की गूंज सुनाई दी, जिससे साफ है कि अब ग्रामीणों का सब्र जवाब दे रहा है।




