गौरीगंज में आधी रात को बिजली गिरने से मकान का छज्जा गिरा, तीन वाहन क्षतिग्रस्त

Breaking

संवाद दाता:-शमीम हसन 

वाराणसी। गौरीगंज क्षेत्र में देर रात हुई भारी बारिश के बीच बिजली गिरने से एक मकान का छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया। यह घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। छज्जा गिरने से घर में मौजूद परिवार के लोगों में दहशत फैल गई।

बताया जा रहा है कि जिस मकान पर बिजली गिरी, वह सईदुल रहमान का है। इस मकान में पांच भाइयों के परिवार रहते हैं। रात के समय सभी लोग घर के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान तेज बारिश के बीच अचानक बिजली गिरने से मकान का छज्जा नीचे आ गिरा।

छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई और किसी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई।

छज्जे के नीचे खड़े तीन वाहन क्षतिग्रस्त

छज्जा गिरने से मकान के नीचे खड़े राइडर, एक्टिवा और क्लासिक 350 वाहन मलबे की चपेट में आ गए। तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है। अचानक छज्जा गिरने से आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया।

सुबह कराया गया मलबा साफ

घटना के बाद सुबह परिवार के लोगों ने गली में पड़े मलबे को साफ कराया। इसके बाद मकान की स्थिति देखने के लिए ठेकेदार को बुलाया गया और मकान की मरम्मत कराने की तैयारी शुरू की गई।

परिवार के मुताबिक, मकान अभी काफी मजबूत स्थिति में है। बिजली गिरने और छज्जा टूटने से मकान के मुख्य हिस्से को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। फिलहाल नुकसान मुख्य रूप से छज्जे तक ही सीमित बताया जा रहा है।

बड़ा हादसा टला

आधी रात को हुई इस घटना में जिस तरह मकान का छज्जा अचानक गिरा, उससे बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन संयोग अच्छा रहा कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित रहे। हादसे में किसी के घायल नहीं होने से परिवार ने राहत की सांस ली।

फिलहाल मकान के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम कराया जा रहा है, जबकि छज्जा गिरने से क्षतिग्रस्त हुए तीन वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।