80 फीसदी आबादी बिजली संकट से बेहाल, लाइनमैन से लेकर जेई तक नहीं दे रहे जवाब; क्षेत्र वासियों में आक्रोश

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर (बाराबंकी)

 

 

महादेवा क्षेत्र के दर्जनों ग्राम पंचायतों की इस भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव की लगभग 80 प्रतिशत आबादी पिछले कई घंटों से बिजली गुल होने के कारण भारी परेशानियों का सामना कर रही है। तेज गर्मी और उमस में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हैं।

ग्राम मंझौनी निवासियों का आरोप है कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह लापरवाह बने हुए हैं। लाइनमैन कल्लू, कमलेश तथा संबंधित जेई के मोबाइल नंबर लगातार स्विच ऑफ बताए जा रहे हैं। वहीं पावर हाउस रामनगर के एसडीओ का मोबाइल फोन भी नहीं उठ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि शुरुआत में लाइनमैन कल्लू ने फोन उठाकर जल्द लाइन सही करने आने की बात कही थी, लेकिन उसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी और बढ़ गई है।

भीषण गर्मी में बिजली संकट के कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। इनवर्टर जवाब दे चुके हैं और रातभर लोग गर्मी में जागने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद विभागीय कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे पावर हाउस पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।