पटवध आजमगढ़
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी गंभीर घायल
आजमगढ़, जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम को आजमगढ़–गोरखपुर मुख्य मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मऊ जनपद के इब्राहिमाबाद (दोहरीघाट) निवासी 36 वर्षीय अभय मौर्य अपनी पत्नी शशि कला को ससुराल आजमगढ़ से लेकर वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे जमीन हरखोरी स्थित सेकर्ड हर्ट स्कूल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में अभय मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शशि कला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल आजमगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई महेश मौर्य की तहरीर पर जीयनपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन और चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106(1) व 125(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि अभय मौर्य चार भाइयों में सबसे बड़े थे और गोरखपुर में चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो पुत्र हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




