संवाद दाता:-सिद्धांत बच्चन
मीरजापुर, 14 अक्टूबर 2025: मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में ‘शक्ति संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों से सीधा संवाद किया गया। लाभार्थियों ने अपनी समस्याएं और सवाल उठाए, जिनमें से कई का तत्काल समाधान किया गया। शेष समस्याओं के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी को निर्देश दिए। कार्यक्रम में बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए मिशन शक्ति लोगो युक्त कप प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने कहा, “यह संवाद योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने में कारगर सिद्ध हुआ है। प्रशासन हर सपने को साकार करने में सहयोग करेगा।” महिला कल्याण विभाग की नगीना सिंह, प्रियंका सिंह, दिव्या जायसवाल और शालिनी देवी ने स्टीकर और पंपलेट वितरित कर योजनाओं की जानकारी दी। महिला सशक्तिकरण हब की डॉ. मंजू यादव ने विभागीय योजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया और सभी को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में लाभार्थियों सहित आम जनमानस ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।




