संवाददाता: मोनू भारती
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। मिशन शक्ति फेस-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत बाईपास रोड इदारतगंज एवं जमालपुर में आयोजित प्रदर्शनी कार्यक्रम के दौरान थाना मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बच्चों को जागरूक किया गया।

इस अवसर पर पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं और बच्चों को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण तथा उनके अधिकारों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बच्चों को विभिन्न आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों के बारे में अवगत कराया, जिनमें 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला सहायता हेल्पलाइन) सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबर शामिल रहे। साथ ही, किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए इन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और जागरूक बनाना है। इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सुरक्षा एवं सम्मान का वातावरण तैयार किया जा रहा है। इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना एवं समाज में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।




