बाराबंकी: गुरुवार को दरियाबाद कोतवाली पुलिस ने नकली नोट के साथ तीन युवकों को पकड़ा। पुलिस को इनके कब्जे से 2200 रुपये के छह जाली नोट मिले। पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि कोई अज्ञात व्यक्ति इनको एक लाख रुपये के नकली नोट 20 हजार के असली नोटों के बदले देता था। युवक इस काम में एक साल से लगे थे। इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह है। दरियाबाद के थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने रामसनेहीघाट के पूरे हनुमंत सिंह गांव निवासी श्याम सिंह, भिटरिया निवासी सत्यम व भेंदुआ ब्रम्हनान गांव निवासी निखिल को गिरफ्तार किया। मुखबिर ने सूचना दी थी कि इन लोगों की ओर से बाजार में नकली नोटों को खपाया जा रहा है।
तीनों आरोपी 20 से 26 साल के हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति श्याम को 20 हजार असली नोटों के बदले में एक लाख के नकली नोट दे जाता था। संभवत: कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। पुलिस मामले की तह तक पहुंचने में लगी है। पुलिस ने बताया कि ये युवक करीब एक साल से नोटों को बाजार में खपा रहे थे।