घर में घुसकर महिला से मारपीट, जान से मारने की धमकी — पुलिस से सुरक्षा की गुहार।

स्थानीय समाचार

घर में घुसकर महिला से मारपीट, जान से मारने की धमकी — पुलिस से सुरक्षा की गुहार।

रसड़ा (बलिया) : ग्रामसभा डेहरी निवासी रागिनी पत्नी अरविंद कुमार ने थाना कोतवाली रसड़ा में तहरीर देकर अपने पड़ोसियों पर जानमाल की धमकी देने और घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

पीड़िता के अनुसार, उसका कृष्णा व शमशेर पुत्रगण राजाराम के साथ भूमि विवाद चल रहा है। आरोप है कि विपक्षीगण कई बार उसे घर से बाहर निकालने की धमकी दे चुके हैं।

रागिनी ने बताया कि बीते 13 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब 10 बजे कृष्णा व शमशेर अपने परिजनों के साथ जबरन घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। उन्होंने घर में रखे सामान की तोड़फोड़ कर दी और धमकी दी कि अगर दोबारा घर में दिखीं तो जान से मार देंगे।

रागिनी का कहना है कि उक्त भूमि विवाद से संबंधित मामला पहले न्यायालय में विचाराधीन रहा था, जिसे न्यायालय ने उनके पक्ष में निरस्त कर दिया था। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष लगातार उत्पीड़न कर रहा है।

पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि वह अपने घर में सुरक्षित रह सकें।

वहीं, विपक्षी पक्ष के कृष्णा

का कहना है कि “उस जमीन में हमारा भी हिस्सा है, हम अपने हिस्से में रह रहे हैं। किसी तरह की लूटपाट या मारपीट नहीं की गई है, आरोप झूठे हैं।”