संवाददाता : वसीम खान
मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना तहसील परिसर के बाहर अनुसूचित जनजाति गोंड समाज का धरना शनिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। जाति प्रमाण पत्र जारी न होने से आक्रोशित समाज के लोग कड़ाके की ठंड के बावजूद महिलाएं, पुरुष और बच्चों के साथ धरने पर बैठे हुए हैं। धरने के दौरान उस समय माहौल और गर्म हो गया जब नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा का काफिला मऊ से लखनऊ जाते समय तहसील गेट के पास पहुंचा। धरनारत लोगों ने काफिले को रोककर मंत्री के समक्ष अपनी वर्षों पुरानी समस्या रखी और तत्काल जाति प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग की। मंत्री ने प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए धरना समाप्त करने और जिलाधिकारी से वार्ता का भरोसा दिलाया, लेकिन गोंड समाज के लोगों ने दो टूक कहा कि प्रमाण पत्र मिलने से पहले वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। इस पर मंत्री ने धरना जारी रखने की बात कहते हुए आगे बढ़ना उचित समझा। धरने में शामिल रोहित गोंड और भूपेंद्र गोंड ने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला, जिससे समाज के लोगों में असंतोष है। उनका कहना है कि अनुसूचित जनजाति में शामिल होने के बावजूद वर्षों से प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। धरने में रंजीत गोंड, रितु, शुभम, कृपाल, प्रदीप, आंचल, रूपेश, आदर्श, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। गोंड समाज ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।




