सेल्फी लेने पर दूल्हा हुआ नाराज, दुल्हन समेत परिजनों को पीटा

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

शुक्रवार रात शादी समारोह में जयमाला के दौरान सेल्फी लेने से नाराज दूल्हे ने दुल्हन को पीट दिया। घटना के बाद बराती और घराती पक्ष आपस में भिड़ गए। एक दूसरे पर कुर्सियां बरसाईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। समझौते के बाद देर रात शादी की रस्में पूरी कराई गईं।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गणेशपुर में मूर्तिकार शत्रुघ्न अपनी बेटी निशा की शादी बहराइच के मुराइन पुरवा निवासी विशाल के साथ तय की थी। शुक्रवार शाम तय तिथि पर बरात धूमधाम से पहुंची। द्वार पूजा की रस्म संपन्न हो गई। बराती नाच-गाने में व्यस्त थे।

इसके बाद जयमाल के लिए दुल्हन मंच पर पहुंची तो वहां भीड़ एकत्र हो गई। दूल्हे के साथ लोग सेल्फी लेने लगे। गांव वालों के मुताबिक दूल्हे ने कई बार सेल्फी लेने से मना किया लेकिन भीड़ नहीं हटी। इसी बात से नाराज होकर दूल्हा आपा खो बैठा। उसने दुल्हन पर हाथ उठा दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। एक-दूसरे पर कुर्सियां बरसाने लगे। घटना से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया कि दूल्हा नशे में था। बाद में आपसी बातचीत और नुकसान की भरपाई के आश्वासन पर देर रात विवाह की शेष रस्में पूरी कराई गईं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।