राघवेंद्र मिश्रा
बाराबंकी
बाराबंकी जिले में सरयू नदी इस समय खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसी के चलते रामनगर क्षेत्र में पुराने रेलवे ट्रैक के निकट बाढ़ के पानी से बचाव के लिए बने बंधे में रिसाव हो गया। बंधे में रिसाव की जानकारी होते ही तराई क्षेत्र में बसे ग्रामीणों में हड़कंप का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बंधे में रिसाव होने की जानकारी बाढ़ खंड और तहसील प्रशासन को दी। ग्रामीणों की सूचना के बाद भी बाढ़ खंड और तहसील प्रशासन कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। जिसके चलते रात में ही ग्रामीणों ने बंधे की मरम्मत का कार्य खुद ही शुरू किया।
1 मीटर खतरे के निशान से ऊपर
पूरा मामला रामनगर तहसील क्षेत्र के गणेशपुर डिपो बंधे का है। यहां घाघरा नदी में होने वाली बाढ़ से बचाव के लिए बंधा बनाया गया है। इस समय हो रही बारिश और नेपाल से छोड़े गए लाखों क्यूसेक पानी से जिले में तीन तहसील क्षेत्र से होकर गुजरने वाली सरयू नदी से बाढ़ के हालात बन रहे हैं। नदी खतरे के निशान से करीब 1 मीटर ऊपर बह रही है।