नीरज शुक्ला
(रामनगर बाराबंकी संवाददाता)
अगहन कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महादेवा में होने वाले शिव प्राकट्योत्सव पर होने वाले अगहनी मेला/महादेवा महोत्सव 2025 का शुभारंभ सोमवार दोपहर 2:20 बजे जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी द्वारा विश्व कल्याण द्वार पर फीता काटकर उद्घाटन किया गया।
कांति महाविद्यालय अमराई गांव, एनसीसी कैडेट, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व स्काउट गाइड्स के छात्रों ने पुष्पवर्षा कर आए हुए आगंतुकों का स्वागत सम्मान किया।
पीएसी बैंड की धुन पर विश्व कल्याण द्वार से मंदिर तक जिलाधिकारी ने कलश लेकर पदयात्रा कर लोधेश्वर महादेव का दर्शन पूजन कर जलाभिषेक कर लोक कल्याण की मंगल कामना की।
दर्शन पूजन के बाद जिलाधिकारी मेला मैदान में पहुंचे जहां पर मेला मैदान में लगी सरकारी योजनाओं से संबंधित विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। मेला परिसर में पहली बार बनाए गए बाबा अमरनाथ बर्फानी की गुफा जाकर दर्शन किया।
महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी मुख्य विकास अधिकारी अ.सुदन, एडीएम निरंकार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल व एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलन तथा वैदिक मंत्र उच्चारण व शंखध्वनि के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
बहार सुगम संगीत के निदेशक प्रभात नारायण दीक्षित व उनके साथियों द्वारा गणेश वंदना हारमोनियम, पैड, बांसुरी के वाद्य यंत्रों की धुन पर “हे लम्बोदर विघ्नदेव भालचंद्र तुम रक्षा करो” गीत से किया। रंग गयो मन मोरा भोले के रंग में भोले के रंग में होली गीत तथा उमापति नमो नमः को सुन दर्शक मंत्र मुग्ध हो गए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक शरद अवस्थी, रामनगर ब्लाक प्रमुख संजय तिवारी, सूरतगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शेखर हयारण, चेयरमैन रामशरण पाठक, जिलाध्यक्ष शशांक कुशमेश,यूनियन इंटर कॉलेज प्राचार्य कमलेश सिंह, रामनगर खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार, महादेव मंदिर अध्यक्ष अमित सिंह समेत तहसील के अधिकारी व राजस्व कर्मचारी गण व सूरतगंज के अधिकारी व कर्मचारी गण उपस्थित रहे।
बाबा बर्फानी की गुफा बनी प्रमुख आकर्षण का केंद्र
महादेवा महोत्सव को सजाने और संवारने के लिए पहली बार मेला मैदान में बनाई गई बाबा बर्फानी की गुफा प्रमुख आकर्षण का केंद्र है। आज दोपहर से ही हजारों लोग गुफा देखने के लिए उमड़े पड़े। आज सुबह से ही लोधेश्वर के दर्शन करने के लिए शिव भक्तों का तांता लगा रहा।
मेला मैदान में बच्चों के आनंद के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं तथा आने वाले दर्शकों की सुविधा के भी व्यापक प्रबंध मेला समिति द्वारा किए गए हैं।
अभिजिएमत मुहूर्त से 25 मिनट विलंब से पहुंचे डीएम
महादेवा महोत्सव का उद्घाटन प्राचीन परंपरा के अनुसार जिलाधिकारी बाराबंकी के हाथों होना था। आज उद्घाटन का शुभ समय अभिजीत मुहूर्त दोपहर 1:56 पर निर्धारित था किंतु उद्घाटन समय के शुभ मुहूर्त से 25 मिनट विलंब से जिलाधिकारी महादेव पहुंचे। जिससे दोपहर 2:20 पर महोत्सव का जिलाधिकारी ने फीता काटकर उद्घाटन किया।




