कताई मिल मजदूर संघ का 25 वर्षों का संघर्ष बनेगा अन्य संगठनों के लिए प्रेरणा स्रोत। सम्मान समारोह में विशिष्ट जनों का हुआ सम्मान।

स्थानीय समाचार

कताई मिल मजदूर संघ का 25 वर्षों का संघर्ष बनेगा अन्य संगठनों के लिए प्रेरणा स्रोत।

सम्मान समारोह में विशिष्ट जनों का हुआ सम्मान।

संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा

रसड़ा (बलिया): व्यक्ति का सम्मान उसकी प्रशासनिक क्षमता एवं सामाजिक सेवा का प्रतीक होता है, जो समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करता है। उक्त बातें वरिष्ठ पत्रकार इश्तियाक अहमद ने सोमवार की शाम सिंगही चट्टी, रसड़ा में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहीं।

कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश कताई मिल मजदूर संघ रसड़ा के तत्वावधान में किया गया, जिसकी अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष जयप्रकाश वर्मा (जेपी वर्मा) ने की। इस अवसर पर संघ की ओर से इश्तियाक अहमद, संतोष सिंह, पिंटु सिंह, शिवजी बागले, संजय शर्मा, राहुल कुमार, अखिलेश सैनी, रमाकांत सिंह, सुमित गुप्ता, उमाकांत विश्वकर्मा, राघवेंद्र कुमार, निहाल अहमद, आरिफ अंसारी, डॉ. मुकेश कुमार सहित अनेक पत्रकारों एवं विशिष्ट जनों को फूलमाला व अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में पत्रकार उमाकांत विश्वकर्मा ने कहा कि कताई मिल रसड़ा के लगभग 1250 श्रमिकों ने अपने बकाया देनदारियों के लिए करीब 25 वर्षों तक सड़क से लेकर न्यायालय तक संघर्ष किया, जिसके परिणामस्वरूप सरकार को उनकी मांगें पूरी करने पर मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष श्रमिक एकजुटता और हक की लड़ाई का प्रतीक बनकर अन्य संगठनों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

अध्यक्ष जेपी वर्मा ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों और सम्मानित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

📸 रसड़ा के सिंगही चट्टी पर आयोजित सम्मान समारोह में विशिष्ट जनों को सम्मानित करते हुए कताई मिल मजदूर संघ के अध्यक्ष जेपी वर्मा।