संवाद दाता:-सिद्धांत बच्चन
मिर्जापुर के चील्ह थाना क्षेत्र में महमूद उर्फ बुलबुल के अपहरण की शिकायत ने पुलिस को चौंका दिया, लेकिन जांच में यह कहानी फर्जी निकली। बुलबुल ने लोगों को घरों और खेतों में दबे सोने को निकालने का झांसा देकर 80 लाख रुपये की ठगी की थी। थाना प्रभारी मनीष मिश्र के अनुसार, अब तक मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही के पांच लोगों ने बुलबुल के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। घटना का खुलासा तब हुआ, जब बुलबुल अहरौरा थाना क्षेत्र के इमिलिया चट्टी बाजार में एक पुराने विवाद को सुलझाने पहुंचा। ठगी के शिकार लोगों ने उसे रोककर पैसे वापस मांगे। बुलबुल ने अपनी पत्नी जमीला को फोन कर बताया कि कुछ लोग उसे रोककर पैसे मांग रहे हैं। जमीला ने यह जानकारी अपने भाई जाबाज अली को दी, जिन्होंने इसे अपहरण का रूप देकर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की, तो ठगी की असल कहानी सामने आई। बुलबुल ने कई लोगों को सोने के लालच में फंसाकर लाखों रुपये ठगे थे। पुलिस ने बताया कि जांच में अब तक 80 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है। फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। इस मामले ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है, और पीड़ितों को न्याय की उम्मीद है।




