सपा ने मनाई लोकनायक जय प्रकाश नारायण की 123 वीं जयन्ती डॉ. शक्ति श्रीवास्तव बोले: समाजसेवा के कारण लोकनायक के रूप में बनी उनकी पहचान

POLITICS

संवाद दाता:-सिद्धांत बच्चन 

मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय स्थित लोहिया ट्रस्ट पर जयप्रकाश नरायण की 123 वीं जयन्ती पर गोष्ठी आयोजित किया गया। इस मौके पर सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजली दी।

सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने देश में सच्चे लोकतंत्र और जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जयप्रकाश नारायण ने प्रधानमंत्री के पद के ऑफर को भी अस्वीकार कर दिया था। पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि जय प्रकाश नारायण का जन्म 1902 में एक साधारण परिवार में हुआ था। वे बचपन से ही समाज सेवा में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते थे। इसी कारण लोगो के बीच मे लोकनायक नाम से पहचाने जाने लगे।

पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने देश में इन्दिरा गांधी ने लोकतंत्र को राजतंत्र में बदलने का प्रयास किया, तब जय प्रकाश नारायण ने सम्पूर्ण क्रांति नामक आन्दोलन चलाकर इन्दिरा गांधी को सत्ता से बाहर कर दिया था। जयप्रकाश नारायण ने कहा था कि मेरा उद्देश्य सत्ता पाना नही था, बल्कि ऐसी सत्ता रहना चाहिए जिस पर जनता का नियंत्रण हो। सपा के वरिष्ठ नेता डॉ0 शक्ति श्रीवास्तव ने कहा कि जयप्रकाश नारायण के संपूर्ण क्रांति को लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी नौजवानों के कंधे पर है ताकि समाजवादी समाज बनाने में सफलता मिल सके। आज असमानता चरम पर है। सरकारी संपत्ति को सरकार बेच रही है। किसानों की जमीन पर खतरा बढ़ा है। समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव आदर्श यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोकतंत्र को खतरे में डालकर दलित पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के लोगों को ठगने का काम किया है। भाजपा की सरकार में हर वर्ग और जाति के लोग हताश और निराश हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिये तैयार है। इस अवसर पर सुरेन्द्र सिंह पटेल, आदर्श यादव, राजेश भारतीय, मुन्नी यादव, बलराम यादव, प्रिन्स राव, मन्टू मिश्रा, मेवालाल प्रजापति, धनन्जय सिंह, संजय यादव, आयुष यादव, सलीम बादशाह, झल्लू यादव, उदल पासी, हरिश्चन्द्र यादव, मनोज चौहान, रामजी प्रजापति आदि लोग मौजूद रहे।