
बाराबंकी: रोड़ सेफ्टी नियमो के प्रति लोगो को जागरुक किये जाने को लेकर चलाये जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अन्तर्गत परिवहन व यातायात विभाग ने नुक्कड़ नाटक आयोजित कर सुगम, सुरक्षित व सुखद सड़क सुरक्षा हेतु नागरिकों को जागरुक किया। आज शहर के पटेल चौराहा व रामनगर तिराहा पर शालोम वेलफेयर सोसाइटी सदस्यो अभिषेक मिश्रा, सोनू शर्मा ऋषभ सिंह, आदित्य शर्मा, विनोद यादव द्वारा दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट, चार पहिया वाहन चालको को सीट बेल्ट लगाने की सीख दी। साथ ही शराब पीकर वाहन नही चलाने, ओवर स्पीडिंग के बुरे परिणाम, वाहन चलाते मोबाइल फोन पर बात नहीं करने जैसे संदेशों को अभिनय के माध्यम से आम जनमानस के समक्ष प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम मे सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन अंकिता शुक्ला ने कहा कि रोड़ सेफ्टी नियमों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक आयोजित किया गया है। लोगो के सड़क पर हेलमेट न पहनने, शराब पीकर वाहन चलाने से क्षति, ओवर स्पीडिंग से होने वाली जन हानि व सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओ को रोकने, घायलो की किस प्रकार से सुरक्षित सहायता हो सके आदि दृश्यो को नाटक कलाकारो द्वारा प्रदर्शित किया गया। जिसमे यह बताने की कोशिश की गयी है कि सड़क पर कैसे सुरक्षित चले। और अन्य को कैसे सुरक्षित करे। इस अवसर पर यात्री मालकर अधिकारी रवि चन्द्र त्यागी, यातायात प्रभारी रामयतन यादव आदि मौजूद रहे।




