राघवेंद्र मिश्रा
बाराबंकी
पुलिस अधीक्षक बाराबंकी दिनेश कुमार सिंह द्वारा जनपद में शान्ति एवं कानून व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाये रखने एवं आगामी त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु जनपद को 02 सुपर जोन, 06 जोन, 22 सेक्टरों में बांटा गया है। 02 कम्पनी पीएसी व गैर जनपद से आये 200 पुलिस बल- उप निरीक्षक, हेड कांस्टेबल व आरक्षियों को आवश्यकता अनुसार विभिन्न जगहों पर व्यवस्थापित किया गया है।

06 क्यू0आर0टी0 बनाई गई है जिनको बनाये गये 06 जोन के मुख्यालयों पर व्यवस्थापित किया गया है। सभी थानों पर पर्याप्त मात्रा में दंगा नियंत्रण उपकरण उपलब्ध हैं एवं सभी थानों पर दंगा नियंत्रण हेतु पूर्वाभ्यास कराकर सम्पूर्ण तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। विभिन्न धर्मगुरुओं एवं सम्भ्रान्त व्यक्तियों के साथ गोष्ठी की गई है जिसमें धर्मगुरुओं द्वारा ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार परम्परागत तरीके से हर्षोल्लास एवं अमन चैन के साथ मनाये जाने हेतु आश्वस्त किया गया है और यह भी अपील की गई है कि कोई भी सार्वजनिक मार्गों पर नमाज अता नहीं करेगा एवं गैर परम्परागत स्थानों पर कुर्बानी नहीं देगा और न ही कुर्बानी से सम्बन्धित फोटो/वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करेगा।

ग्राम व मोहल्ला समितियों, अन्य सामाजिक संगठन एवं ग्राम चौकीदारों की टीमें बनाकर जगह जगह पर व्यवस्थापित की गई है। बाराबंकी पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर सतत रूप से निगरानी की जा रही है एवं सोशल मीडिया पर कुर्बानी एवं अफवाहों सम्बन्धी फोटो/वीडियो प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।





