वार्ड नंबर 23 में गंदगी और बदहाल रास्ते से लोग परेशान, नगर पालिका की लापरवाही उजागर।

स्थानीय समाचार

वार्ड नंबर 23 में गंदगी और बदहाल रास्ते से लोग परे

शान, नगर पालिका की लापरवाही उजागर।

संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा

रसड़ा (बलिया)।
बलिया जनपद की रसड़ा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 23 स्थित रूपी मोहल्ला, जहां सफाई कर्मियों का निवास है, वहां बदहाल सड़क और गंदगी की गंभीर समस्या बनी हुई है। मोहल्ले में आने-जाने का मुख्य रास्ता कीचड़, गंदे पानी और टूटी नालियों के कारण नारकीय स्थिति में तब्दील हो चुका है, जिससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि राजनीतिक द्वेष के चलते जानबूझकर इस वार्ड की अनदेखी की जा रही है, जिससे नागरिकों में रोष और असंतोष बढ़ता जा रहा है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि एक ओर नगर पालिका अध्यक्ष विनय शंकर जायसवाल द्वारा पूरे नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वार्ड नंबर 23 की यह दयनीय स्थिति नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
स्थानीय नागरिकों का विश्वास अब नगर पालिका अध्यक्ष और प्रशासन से उठता नजर आ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि सफाई कर्मियों के ही मोहल्ले की यह दुर्दशा है, तो आम नागरिकों की समस्याओं पर कितना ध्यान दिया जा रहा होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्थिति इतनी गंभीर है कि यदि मोहल्ले में कोई बीमार हो जाए, तो एंबुलेंस या अन्य वाहन घर तक नहीं पहुंच पाते। वहीं स्कूली बच्चों को भी इसी बदहाल और कीचड़ भरे रास्ते से मजबूरन होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
नगरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र सड़क और नालियों की मरम्मत कराई जाए तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही जनता यह जानना चाहती है कि क्या नगर पालिका प्रशासन इस दोहरी नीति पर जवाब देगा या फिर समस्याएं यूं ही नजरअंदाज होती रहेंगी।