पंचायत चुनाव मतदाता सूची से नाम गायबः ग्राम प्रधानों ने एसडीएम से की शिकायत, बीएलओ पर लापरवाही का आरोप

Breaking स्थानीय समाचार

गाजीपुर 

NK9 पुनित कुमार त्रिपाठी 

 

पंचायत चुनाव मतदाता सूची से नाम गायबः ग्राम प्रधानों ने एसडीएम से की शिकायत, बीएलओ पर लापरवाही का आरोप

 

गाजीपुर।सैदपुर में पंचायत चुनाव की प्रकाशित मतदाता सूची से बड़ी संख्या में लोगों के नाम गायब होने का मामला सामने आया है। इससे नाराज ग्राम प्रधानों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सैदपुर से शिकायत की है। उन्होंने बीएलओ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मतदाता सूची में नाम पुनः दर्ज कराने की मांग की है।

 

कुछ ग्राम प्रधानों ने आरोप लगाया है कि बीएलओ द्वारा जानबूझकर और साजिश के तहत नाम हटाए गए हैं। उनका कहना है कि कई लोगों ने फॉर्म भरकर बीएलओ संतोष यादव के पास जमा किए थे, लेकिन मंगलवार को प्रकाशित सूची से उनके नाम गायब मिले।

 

ग्राम प्रधानों ने चिंता व्यक्त की है कि नाम गायब होने से कई लोग पंचायत चुनाव में मतदान से वंचित हो सकते हैं, जिससे निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि बड़ी संख्या में ऐसे लोगों के नाम भी सूची से गायब हैं जो वर्तमान में गांव में ही निवास कर रहे हैं।

 

इस संबंध में, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सैदपुर ने शनिवार को ग्राम प्रधानों के साथ एक बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं ने आधार कार्ड जमा नहीं किए थे, उन्हीं के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने सभी ग्राम प्रधानों से अपने क्षेत्र के उन मतदाताओं के आधार कार्ड के साथ आवेदन जमा करने को कहा है, जिनके नाम कटे हुए हैं, ताकि वैध नामों को सूची में जोड़ा जा सके।