संवाददाता : वसीम खान
मऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-05 अभियान के तहत मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के कबीराबाद गाँव में पुलिस विभाग और महिला हेल्पलाइन टीम द्वारा चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों को महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा, स्वावलंबन एवं कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में निरीक्षक माधुरी सागर, निरीक्षक शालिनी मौर्य और महिला पुलिस टीम ने उपस्थित ग्रामीण महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।
इस दौरान महिलाओं को निम्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया—
1090 (वीमेन पावर लाइन) – महिलाओं की सुरक्षा एवं उत्पीड़न संबंधी शिकायत हेतु।
1930 (साइबर हेल्पलाइन) – ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने हेतु।
112 (आपातकालीन सेवा नंबर) – पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस से तत्काल मदद पाने हेतु।
1098 (चाइल्डलाइन नंबर) – बच्चों से जुड़े संकट की स्थिति में मदद के लिए।
101 (फायर सर्विस) – आग लगने की स्थिति में सहायता हेतु।
102 (एंबुलेंस सेवा) – गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बीमार व्यक्तियों के लिए निःशुल्क एंबुलेंस सुविधा।
महिला पुलिस टीम ने ग्रामीण महिलाओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में वे बेझिझक इन नंबरों का इस्तेमाल करें। साथ ही, सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जैसे महिला स्वावलंबन, सुरक्षा और कल्याणकारी कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई। इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में जागरूकता फैलाना और उन्हें आत्मनिर्भर तथा सुरक्षित बनाने के प्रति प्रेरित करना रहा।
