संवाददाता : संतोष जायसवाल
रायबरेली : शिवगढ़ विकासखंड स्तर पर गणित ओलंपियाड परीक्षा का सफल आयोजन सोमवार को कंपोजिट विद्यालय शिवगढ़ में सम्पन्न हुआ। परीक्षा में विकासखंड के 34 विद्यालयों से विद्यालय स्तर पर चयनित कुल 62 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा को शुचितापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु 10 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई थी। परीक्षा का आयोजन ए आर पी विनय कुमार मिश्र की देख-रेख में किया गया। प्रत्येक विद्यालय से एक शिक्षक को नामित किया गया था, जो अपने विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक लाने और परीक्षा के बाद वापस उनके विद्यालय तक पहुँचाने की जिम्मेदारी निभा रहे थे। खण्ड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार मिश्रा ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने बताया कि परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 10 उत्कृष्ट छात्रों को आगामी जिले स्तर की परीक्षा में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा। परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए। परीक्षा में कम्पोजिट विद्यालय शिवगढ़ के छात्र विनय ने प्रथम, कम्पोजिट विद्यालय भवानीगढ़ की छात्रा साक्षी ने द्वितीय और कम्पोजिट विद्यालय कुंभी के प्रियांशु मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। खण्ड शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों की सराहना की और कहा कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में गणित विषय के प्रति रुचि और तार्किक क्षमता को बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र इस प्रकार हैं:
कम्पोजिट विद्यालय शिवगढ़ – अनूप
कम्पोजिट विद्यालय बेड़ारू – रितिका
कम्पोजिट विद्यालय बेड़ारू – चांदनी
कम्पोजिट विद्यालय बसंतपुर – सुनेहा
कम्पोजिट विद्यालय बहुदाखुर्द – आलोक कुमार
कम्पोजिट विद्यालय कोटवा – करण
कम्पोजिट विद्यालय बहुदाखुर्द – शालिनी देवी




