
बाराबंकी: लोधेश्वर महादेवा में चल रहे महादेवा महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को कबड्डी प्रतियोगिता का रोमांच देखने को मिला। शिव प्रताप यादव और अतुल यादव के प्रयास से आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की आठ टीमों ने भाग लिया। कबड्डी टूर्नामेंट का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख रामनगर संजय तिवारी, ब्लॉक प्रमुख सूरतगंज प्रतिनिधि शेखर हयारण, पूर्व ब्लॉक प्रमुख आशीष सिंह और ग्राम प्रधान अजय कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच की शुरुआत कराई।

फाइनल मुकाबला गेम चेंजर और निजामपुर टीमों के बीच हुआ, जिसमें कड़े संघर्ष के बाद निजामपुर ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। इससे पहले सेमीफाइनल मैच के दौरान भाजपा नेता गौरीकांत दीक्षित ने पहुंचकर टॉस कराया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में पहला मैच बिलखिया और शायपुर के बीच हुआ जिसमें बिलखिया विजयी रही। दूसरा मुकाबला बिलखिया-2 और जनता इंटर कॉलेज के बीच हुआ जिसमें बिलखिया-2 ने जीत दर्ज की। तीसरे मैच में गेम चेंजर ने रायपुर टीम को हराया। मैचों का आंखों देखा हाल अंकित तिवारी ने सुनाया, जबकि रेफरी की जिम्मेदारी भानु और अतुल ने निभाई। खेल मैदान पर विवेक द्विवेदी, आदर्श तिवारी, रिंकू वर्मा, गोविंद यादव सहित सैकड़ों दर्शक मौजूद रहे।




