संवाद दाता:-सलीम जावेद 
वाराणसी। आज दिनांक 13.03.2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल द्वारा अलविदा की नमाज़ के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था, साम्प्रदायिक सौहार्द एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने हेतु शहर क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। इस दौरान कमिश्नरेट पुलिस के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी बनाये हुए हैं। पुलिस आयुक्त महोदय द्वारा मुस्लिम धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर शांति, सौहार्द एवं आपसी सहयोग बनाये रखने की अपील की गई। पूरे शहर में सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। निरीक्षण के क्रम में नदेसर स्थित मस्जिद, दालमण्डी क्षेत्र, ज्ञानवापी मस्जिद परिसर तथा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा
व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा नमाजियों एवं श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान महिला सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए महिला कमाण्डो भी तैनात रहीं। साथ ही पुलिस आयुक्त महोदय द्वारा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से बांसफाटक तक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया तथा पुलिस लाइन स्थित सीसीटीवी कन्ट्रोल रूम का भी निरीक्षण कर आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत अधिकारियों को सतर्कता एवं समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिये गये।




