पत्रकारों को मिला आत्मीय सम्मान, समाजसेवी डॉ. सीता राय ने कलम और डायरी भेंट कर बढ़ाया हौसला

स्थानीय समाचार

संवाददाता : मोनू भारती
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के करहां बाजार में गुरुवार अपराह्न आयोजित एक बैठक उस समय यादगार बन गई, जब शब्दों को सम्मान और स्मृतियों को दीप मिला। जिले के सृजनकर्ता स्वर्गीय कल्पनाथ राय की पुण्य स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में उनकी बहू एवं समाजसेवी डॉ. सीता राय ने स्थानीय पत्रकारों को डायरी व कलम भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान केवल वस्तुओं का नहीं, बल्कि उस लेखनी का था जो सच लिखती है, सवाल उठाती है और समाज को आईना दिखाती है। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने इसे पत्रकारिता के प्रति विश्वास, स्नेह और कृतज्ञता का प्रतीक बताया। समारोह को संबोधित करते हुए जिले के मान्यता प्राप्त पत्रकार एवं विधान केशरी समाचार पत्र के ब्यूरो प्रमुख चंद्रप्रकाश तिवारी ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होता है और कलम की स्याही से ही लोकतंत्र की इबारत लिखी जाती है। उन्होंने स्वर्गीय कल्पनाथ राय को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन सृजन, संवेदना और समाज सेवा की प्रेरक मिसाल रहा है। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों का सम्मान दरअसल सत्य, साहस और जिम्मेदारी का सम्मान है। जब कलम ईमानदारी से चलती है, तो खामोशी टूटती है, चेतना जागती है और बदलाव की राह बनती है। इस अवसर पर विष्णुकांत श्रीवास्तव, अजीत सिंह, एखलाक अहमद, अब्दुल सलाह हाशमी, मौलाना इनामुलह अंसारी, कंचन कुमार, हारुन खान, अभिषेक यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे। सभी की सहभागिता ने कार्यक्रम को गरिमा और विशेष अर्थ प्रदान किया।