Isha Ambani: नाना बने मुकेश अंबानी, घर में आईं खुशियां, ईशा ने जुड़वां बच्चों को दिया जन्म

Breaking

नई दिल्ली: देश के जाने माने उद्योगपति मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के परिवार में बड़ी खुशखबरी आई है। मुकेश अंबानी नाना बन गए हैं। मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी (Isha Ambani) ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया है। ईशा अंबानी की शादी पीरामल समूह के आनंद पीरामल (Anand Piramal) से हुई है। ईशा और आनंद अब जुड़वां बच्चों के पेरेंट्स बन गए हैं। ईशा ने शनिवार को जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। उन्होंने एक लड़के और एक लड़की को जन्म दिया है। बेबी गर्ल का नाम आदिया (Aadiya) और बेबी बॉय का नाम कृष्णा (Krishna) रखा गया है।

अंबानी और पीरामल दोनों परिवारों में खुशियां

बताया जा रहा है ईशा अंबानी और दोनों बच्चे स्वस्थ हैं। ईशा ने 19 नवंबर यानी शनिवार को जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। इस तरह पूरे अंबानी और पीरामल परिवार में खुशियां आ गई हैं। ईशा अंबानी की शादी 12 दिसंबर 2018 को पिरामल ग्रुप के आनंद पिरामल के साथ हुई। आनंद पीरामल राजस्थान से हैं। ईशा अंबानी के ससुर अजय पीरामल हैं। कुछ महीने पहले ही मुकेश अंबानी ने बेटी ईशा अंबानी के हाथों में रिलायंस इंडस्‍ट्रीज (RIL) के रिटेल कारोबार की कमान सौंपी थी।

टीचर बनना चाहती थीं ईशा

रिलायंस रिटेल की चेयरमैन ईशा अंबानी की शुरुआती पढ़ाई मुंबई के ही धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से हुई। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चली गईं। वहां उन्होंने येल यूनिवर्सिटी से साइकोलॉजी की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने स्टैनफोर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनस से एमबीए की पढ़ाई की। शुरुआती दिनों में ईशा अंबानी का सपना एक टीचर बनने का था, लेकिन वक्त बीतने के साथ-साथ आज वह बिजनस की दुनिया में झंडे गाड़ रही हैं।

नौकरी से की शुरुआत

देश के दूसरे सबसे अमीर शख्स की बेटी होने के नाते ईशा अंबानी के पास पैसों की कोई कमी नहीं है, लेकिन फिर भी उन्होंने अपने करियर की शुरुआत नौकरी से की। उन्होंने अमेरिका में मैकिन्से एंड कंपनी (McKinsey&Company) में बिजनस एनालिस्ट के तौर पर नौकरी की थी। 2014 में ईशा अंबानी को रिलायंस रिटेल और रिलायंस जियो के बोर्ड में शामिल किया गया था, जिसके बाद उन्होंने बिजनस में पिता का हाथ बंटाना शुरू किया। 2016 में फैशन पोर्टल Ajio लॉन्च करने का पूरा श्रेय उन्हें ही जाता है। मुकेश अंबानी ये भी बता चुके हैं कि टेलिकॉम कंपनी रिलायंस जियो को लॉन्च करने के पीछे प्रेरणा ईशा अंबानी ही थीं।

ये हैं ईशा अंबानी के शौक

मुकेश अंबानी के दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे आकाश अंबानी और ईशा अंबानी जुड़वा हैं। सबसे छोटे हैं अनंत अंबानी। ईशा अंबानी का जन्म 23 अक्टूबर 1991 को हुआ था। ईशा अंबानी को पियानो बजाने और फुटबॉल खेलने का शौक है। उन्हें लग्जरी कारों का भी शौक है। उनके कारों के कलेक्शन में रेंज रोवर, पॉर्श, मर्सिडीज बेंज, मिनी कूपर, बेंटले जैसे ब्रांड शामिल हैं।