संवाददाता : किरण सिंह
वाराणसी। उड़ीसा में हुए भीषण रेल हादसा को दृष्टिगत रखते हुए वाराणसी के बीएचयू में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के क्लोजिंग सेरिमनी कार्यक्रम को सादगी के साथ संपन्न किया गया। चूंकि खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाना था, इसलिए क्लोजिंग सेरिमनी को संपन्न करना था और इसे पूरी सादगी के साथ किया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, केंद्रीय राज्य मंत्री गृह एवं खेल निशीथ प्रमाणिक ने शनिवार को वाराणसी में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के समापन समारोह में उपस्थित रहे। तीसरे खेलो इंडियन यूनिवर्सिटी गेम्स उत्तर प्रदेश का भारत की आध्यात्मिक राजधानी वाराणसी में समापन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) परिसर में एक सादगी भरे समापन समारोह के साथ हुआ। हालांकि उत्तर प्रदेश सरकार की इच्छा थी कि इन खेलों के समापन समारोह का भव्य आयोजन किया जाये, लेकिन ओडिशा में रेल दुर्घटना त्रासदी के चलते उत्तर प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया कि इस आयोजन को सादगी के साथ किया जाये, ताकि इन खेलों मे प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा दिया जाये। क्लोजिंग सेरिमनी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्वप्रथम ओडिशा में हुए भीषण रेल दुर्घटना त्रासदी के पीड़ितों को श्रद्धासुमन अर्पित करते घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु बाबा विश्वनाथ से कामना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहली बार हुए इन खेलों में 200 से ज्यादा विश्वविद्यालयों के 4000 से ज्यादा खिलाड़ियों ने अपने कौशल व सामर्थ्य का प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलों में देश को महाशक्ति बनाने के संकल्प को खेलो इंडिया अभियान के माध्यम से गति दी। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के अविस्मरणीय प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए पदक विजेताओ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले 9 साल में भारत में विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों के हिस्सा लेने के साथ पदक जीतने का ग्राफ तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार गांव-गांव में खेल सुविधाएं देने का काम कर रही है और हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान की सुविधा देने के साथ गांवों के खेल मैदान ओर शहरों के पार्क में ओपन जिम स्थापित करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जिलों में युवा दल और महिला मंगल दल को 65,000 स्पोर्ट्स किट देने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया गेम्स एक उदाहरण बना गया है जिसमें पूरी तत्परता से खिलाड़ियों ने प्रतिभाग करते हुए खेलों के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को तीसरे खेलो इंडियन यूनिवर्सिटी गेम्स उत्तर प्रदेश की मेजबानी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय युवा मामले और खेल और सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और निशीथ प्रमाणिक (केंद्रीय राज्य मंत्री, गृह मंत्रालय और केंद्रीय राज्य मंत्री, युवा मामले और खेल मंत्रालय) का आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। 
कार्यक्रम के दौरान उड़ीसा में हुए रेल हादसे के दौरान मारे गए लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित किया। इस अवसर पर ओडिशा में रेल दुर्घटना त्रासदी में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। खेलो के इस महाकुंभ में पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ को 26 स्वर्ण, 17 रजत और 26 कांस्य पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन की ट्राफी मिली। वहीं गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर को इस खेल महाकुंभ की उपविजेता ट्राफी मिली जिसने 24 स्वर्ण, 27 रजत, 17 कांस्य हासिल किए। इसी के साथ जैन यूनिवर्सिटी, कर्नाटक को 16 स्वर्ण, 10 रजत, 6 कांस्य के साथ तीसरा स्थान मिला जिन्हें ट्राफियां प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एक केआईयूजी यूपी रैप-अप फिल्म के साथ योगासन के खिलाड़ियों ने माथे पर काली पट्टी बांधकर व दीपक रखकर भी प्रदर्शन किया गया।
उत्तर प्रदेश की मेजबानी में पहली बार आयोजित केआईयूजी 2022 यूपी उच्च शिक्षा स्तर पर भारत की सबसे बड़ी बहु-खेल प्रतियोगिता का तीसरा संस्करण है। 12 दिवसीय इस खेल महाकुंभ में 200 से अधिक विश्वविद्यालयों के 4000 से अधिक एथलीटों ने विभिन्न 21 खेलों की प्रतियोगिताओं में प्रतिस्पर्धा की। गौरतलब हो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में खेल की संस्कृति को और विकसित करने तथा देश के युवाओं को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने पर बहुत ध्यान दिया है। सरकार द्वारा उदीयमान् खिलाड़ियों को सहयोग देने के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की गई हैं और देश में खेल के इकोसिस्टम को मजबूत करने के प्रयास किए गए हैं। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन इसी दिशा में एक और शानदार कदम है। इस वर्ष खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के तीसरे संस्करण का आयोजन 25 मई से 3 जून तक उत्तर प्रदेश में किया गया। ये खेल प्रतियोगिताएं वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ और गौतम बुद्ध नगर में आयोजित हुई। इन खेलों में 200 से अधिक विश्वविद्यालयों के 4750 से अधिक एथलीट भाग लिया और 21 प्रतियोगिताओं में प्रतिस्पर्धा किया। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के इस संस्करण का शुभांकर जीतू, यूपी के राजकीय पशु बारहसिंघा को बनाया गया है।




