संवाद दाता:-सिद्धांत बच्चन
मिर्जापुर, 14 अक्टूबर 2025: त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिर्जापुर के मुकेरी बाजार स्थित खोया मंडी में सघन जांच अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य-II मंजुला सिंह के नेतृत्व में टीम ने शिवम सिंह के स्टोरेज पर छापा मारा। वहां अत्यधिक गंदगी और अस्वास्थ्यकर स्थिति में 1478 किलोग्राम सड़ा-गला खोया पाया गया, जिसका अनुमानित मूल्य 3,55,200 रुपये है। मौके पर नमूना लिया गया और नियमानुसार खोया नष्ट कराया गया। कारोबारी को नोटिस जारी कर कारोबार बंद रखने के निर्देश दिए गए। अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेश झा, संदीप श्रीवास्तव, रवि शेखर, राजेश मौर्य, संदीप सिंह, भैया लाल प्रजापति और स्थानीय पुलिस मौजूद रही।हालांकि, जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों और जनता के बीच चर्चा है कि विभाग केवल शहरी क्षेत्रों में कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है, जबकि ग्रामीण अंचलों के बड़े प्रतिष्ठानों तक उसकी पहुंच नहीं है। कुछ का आरोप है कि राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव के कारण बड़े कारोबारियों पर कार्रवाई नहीं हो पाती। यह मुद्दा जनमानस में चर्चा का विषय बना हुआ है। विभाग की निष्पक्षता और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।




