संवाददाता शिवबदन
मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ)
जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में मऊ–आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी अभिषेक गोस्वामी को निर्देशित किया कि सठियाव मोड़ एवं घोसी चीनी मिल की ओर जाने वाले मार्ग पर चलने वाली सभी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि रात के समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। वहीं खुरहट मोड़ पर बड़े आकार के चेतावनी बोर्ड और संकेतक लगाए जाने के आदेश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त चट्टी क्षेत्र तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद गोहना के आसपास सड़क किनारे फैली झाड़ियों की सफाई और पेड़ों की लटकती टहनियों की कटाई के लिए वन विभाग को निर्देशित किया गया, जिससे वाहन चालकों की दृश्यता बेहतर हो सके।
सहित चौक, कैलेंडर तिराहा और चुंगी मोड़ के निरीक्षण के दौरान मऊ–आजमगढ़ मार्ग के पहले मोड़ पर कर्व इंडिकेटर और डेंजर साइन बोर्ड लगाने, चौराहे से जुड़ने वाली लिंक रोड पर स्पीड ब्रेकर निर्माण, चुंगी मोड़ पर रोड मार्किंग दुरुस्त करने तथा लिंक रोड पर अतिरिक्त ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान चुंगी मोड़ के पास सड़क किनारे स्थित विद्युत पोल को दुर्घटना की दृष्टि से सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराने के लिए भी संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है और संबंधित विभागों को तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सेवा फाउंडेशन द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर जिले के प्रमुख मार्गों पर ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिन पर प्रशासन द्वारा चरणबद्ध तरीके से सुधार कार्य कराए जा रहे हैं।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी सौरभ सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




