
बाराबंकी: सोमवार को जिला जज प्रतिमा श्रीवास्तव, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सर्वप्रथम कारागार के मुख्य द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, तत्पश्चात जेल के भीतरी परिसर में पहुँचकर समग्र साफ-सफाई, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा महिला एवं पुरुष बैरकों का निरीक्षण करते हुए बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, स्वच्छता, भोजन एवं पेयजल की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
वर्तमान में शीत ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए अधिकारियों ने विशेष रूप से ठंड से बचाव हेतु की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी बंदियों को पर्याप्त कंबल, गर्म वस्त्र आदि की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएँ एवं सुझाव सुने तथा जेल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएँ निर्धारित मानकों के अनुरूप नियमित रूप से संचालित हों। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में किसी भी बंदी को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता, संवेदनशीलता एवं निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए। साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुधा सिंह,एडीएम(एफआर) निरंकार सिंह,जेल अधीक्षक कुंदन कुमार, जेलर सहित कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
https://nationalkhabar9.com/midline-assessme…ed-in-government/




