सौरी गाँव में तालाब से मिला लापता युवक का शव, चप्पल देखकर ग्रामीणों को हुआ शक

Breaking CRIME स्थानीय समाचार

गाजीपुर 

NK9 : पुनित कुमार त्रिपाठी 

 

सौरी गाँव में तालाब से मिला लापता युवक का शव, चप्पल देखकर ग्रामीणों को हुआ शक

शादियाबाद (गाजीपुर)।शादियाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत सौरी गाँव में सोमवार को एक युवक का शव तालाब से बरामद हुआ। मृतक की पहचान मोनू राजभर पुत्र शिवलाल राजभर के रूप में हुई है। वह शुक्रवार की शाम से घर से लापता था।

परिजनों ने बताया कि मोनू के घर से अचानक गायब होने के बाद उन्होंने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। शनिवार को परिजनों ने शादियाबाद थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी।

सोमवार की सुबह गाँव के कुछ लोगों ने तालाब के किनारे मोनू की चप्पल पड़ी देखी, जिससे ग्रामीणों को शक हुआ कि वह कहीं तालाब में तो नहीं गिर गया। इसकी सूचना तुरंत शादियाबाद पुलिस को दी गई।

सूचना पर पहुँची पुलिस ने मौके पर तालाब में जाल डलवाया, तभी पानी की लहरों के साथ युवक का शव ऊपर तैरता दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गाँव में मातम छा गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने पर लाया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस हादसे से पूरे गाँव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।