शादी समारोह में जा रहे बाइक सवारों को कंटेनर ने मारी टक्कर, दो की मौत, एक की हालत नाजुक

स्थानीय समाचार

बाराबंकी: यूपी के बाराबंकी में शुक्रवार देर शाम लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें गलत दिशा से जा रहे बाइक सवार तीन लोगों को कंटेनर ने रौंदा दिया। इसमें दो की मौत हो गई। जबकि, तीसरा गंभीर रूप से घायल है।

रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के भोजपुर गांव निवासी प्रिंस (20), अमित कुमार (19) व शिवा (15), देर शाम एक ही बाइक से वीरगांव में एक शादी समारोह में जा रहे थे। गांव से निकलकर तीनों लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर पहुंचे तो गलत दिशा से अयोध्या की ओर बढ़ रहे थे।

कंटेनर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी

इस दौरान मोहम्मदपुर गांव के पास सामने से आ रहे कंटेनर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। तीनों सड़क पर गिर गए। हेलमेट न लगाने से सिर में गंभीर चोट आने से प्रिंस व अमित की मौत हो गई। पुलिस ने राहगीरों की सहायता से शिवा को तत्काल जिला अस्पताल भेजा।

कंटेनर ने महिला को रौंद दिया

वहीं, देर शाम ही जैदपुर थाना क्षेत्र के मीनापुर गांव निवासी राजेश विश्वकर्मा अपनी पत्नी अनीता (38) के साथ साइकिल से सैदाबाद गांव जा रहे थे। सफदरगंज चौराहा पहुंचने के बाद राजेश साइकिल लेकर पत्नी के साथ सड़क पार कर रहे थे। इसी वक्त अयोध्या की ओर से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने अनीता को रौंद दिया। इससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। एसएचओ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि कंटेनर कब्जे में ले लिया गया है।