मोहम्मदाबाद गोहना, मऊ
संवाददाता : मो. अंसार
प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध की रोकथाम और अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार द्वारा मिशन शक्ति योजना और साइबर अपराध की रोकथाम के लिए के लिए कई सुविधाएं प्रदान की गई है। महिलाओं को उनके अधिकार और अपनी सुरक्षा की जानकारी देने के उद्देश्य से शनिवार को मंडलायुक्त की आगमन के दौरान बरहदपुर गांव में चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में साइबर सेल से जुड़ी महिला कांस्टेबल प्रिया सिंह और प्रियंका मिश्रा ने बताया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, और नारी स्वावलंबन है। सभी महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी और उनके खिलाफ होने वाले अपराधों की रोकथाम और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही को लेकर मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने मौजूद महिलाओं से कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में वह महिला रिपोर्टिंग चौकी और महिला हेल्प डेस्क पर घटना की जानकारी दे सकती हैं। साइबर सेल के माध्यम से महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए महिला साइबर सेल की स्थापना की गई है। इसके माध्यम से महिलाओं के खिलाफ सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से किए गए अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जाती है। इसी क्रम में उन्होंने बताया कि महिलाओं के सुरक्षा के लिए शक्ति मोबाइल, महिला हेल्प डेस्क, आदि का गठन किया गया है। हर थाने में महिला पुलिस अधिकारी मौजूद होती हैं। अपराध की सूचना दर्ज कर पीड़ित महिलाओं को टोकन दिया जाता है और प्रभावी कार्यवाही की जाती है। इस दौरान साइबर सेल की महिला आरक्षी शिवानी तिवारी, स्वाति दिवेदी, काजोल सिंह, शीलू शुक्ला, अलका पांडे के साथ साथ महेंद्र सिंह, गंगाराम व समूह एवं आवास की लाभार्थी महिलाएं मौजूद रहीं।
