संवाददाता : वसीम खान / मोनू भारती
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना में शनिवार को ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए के शर्मा को भाजपा कार्यकर्ताओं ने रेल और रोडवेज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। मंत्री ए के शर्मा मऊ से लखनऊ जाते समय रोडवेज शहीद चौक पर कुछ देर के लिए रुके, जहां भाजपा विधानसभा आईटी सेल संयोजक अनमोल साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही परिवहन संबंधी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। पहली प्रमुख मांग मऊ से लखनऊ के बीच एक दैनिक सुपरफास्ट इंटरसिटी ट्रेन चलाने की रखी गई। प्रस्तावित ट्रेन मऊ से सुबह 6 बजे चलकर मुहम्मदाबाद गोहना, आजमगढ़, सरायमीर, खोरासन रोड, शाहगंज, अकबरपुर, गोसाईगंज, अयोध्या धाम, बाराबंकी और बादशाह नगर होते हुए दोपहर 12 बजे लखनऊ पहुंचे तथा शाम 4 बजे लखनऊ से चलकर रात 10 बजे मऊ पहुंचे। इससे पूर्वांचल के यात्रियों को लखनऊ आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलने की बात कही गई। दूसरी मांग मऊ से माता वैष्णो देवी कटरा के लिए एक नई सीधी रेल सेवा शुरू करने की थी, जिसे मुहम्मदाबाद गोहना, आजमगढ़ और शाहगंज होकर संचालित करने का सुझाव दिया गया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस रूट से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा करते हैं, लेकिन सीधी ट्रेन न होने के कारण उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। तीसरी मांग आजमगढ़ से मुंबई जाने वाली सुपरफास्ट ट्रेन का मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव दिए जाने से संबंधित थी, जिससे स्थानीय यात्रियों को महानगरों तक पहुंचने में सहूलियत मिल सके। चौथी मांग बनारस–रामेश्वरम साप्ताहिक सुपरफास्ट रेल सेवा का विस्तार मऊ जंक्शन तक किए जाने की रखी गई। इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने रोडवेज चौराहे पर साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने, यात्रियों की सुविधा के लिए शौचालय भवन का निर्माण कराने तथा मुहम्मदाबाद गोहना में रोडवेज बस अड्डा स्थापित करने की भी मांग की। ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से वार्ता कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।




