मधुमक्खियों के हमले में बुजुर्ग समेत दो घायल

स्थानीय समाचार

बाराबंकी:  कोठी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम मधुमक्खियों के झुंड ने राहगीरों पर हमला कर दिया। इस घटना में एक बुजुर्ग और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी कोठी में भर्ती कराया गया है। यह घटना मदारपुर बहादुर सिंह गांव के अवसानेश्वर कोठी संपर्क मार्ग स्थित साधन सहकारी समिति के समीप हुई। मधुमक्खियों के अचानक हमले से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते नजर आए और कुछ देर के लिए कोठी-औशनेश्वर मार्ग भी बाधित रहा। इस दौरान करीब डेढ़ दर्जन से अधिक महिला, पुरुष और बच्चे भी प्रभावित हुए, जिन्होंने खुद का बचाव करते हुए वहां से निकल गए।

सीएचसी कोठी के चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र कुमार ने घायलों की पहचान बक्सावां निवासी भारत (65) और लोखड़िया निवासी अमरीश (40) के रूप में की है। डॉ. कुमार ने बताया कि दोनों की हालत स्थिर है और उनका इलाज जारी है।