मुलायम की सीट का वारिस कौन? मैनपुरी से सपा प्रत्याशी की आज अखिलेश कर सकते हैं घोषणा

POLITICS

मैनपुरी संसदीय उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने प्रत्याशियों को लेकर माथापच्ची मंगलवार को भी जारी रही। समाजवादी पार्टी की ओर से बुधवार आज प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जा सकती है।  सपा की बैठक में प्रत्याशी का चयन लगभग फाइनल हो चुका है।

लोकसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में भाजपा और सपा ने मंगलवार को भी प्रत्याशी के नाम का सस्पेंस बरकरार रखा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार की शाम 7 बजे सैफई पहुंच गए थे। मंगलवार को वे पूरे दिन सैफई में रहे। इटावा की एक शादी में शामिल हुए, लेकिन प्रत्याशी कौन बनेगा इस पर रुख साफ नहीं किया। लेकिन सूत्रों की मानें तो नाम फाइनल हो गया है, आज इसकी घोषणा हो सकती है।

मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव में सपा की राजनैतिक प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। ये सीट सपा के लिए सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। ऐसा इसलिए है कि यहां मुलायम सिंह यादव पांच बार सांसद रहे हैं। दो बार सैफई परिवार के सदस्य धर्मेंद्र यादव और तेजप्रताप यादव को भी सांसद बनकर दिल्ली पहुंचने का मौका मिला है। 1989 से लेकर जितने भी सामान्य और उपचुनाव हुए उन चुनावों में सपा का दबदबा रहा है। मैनपुरी के लोगों ने मुलायम या फिर उनके द्वारा घोषित प्रत्याशी को ही जीत दिलाई है। जातिगत समीकरणों के लिहाज से भी मैनपुरी लोकसभा सीट सपा के लिए सुरक्षित सीट मानी जाती है।

डेढ़ घंटे रामगोपाल के साथ अखिलेश ने किया मशविरा

मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिवार के लोगों से प्रत्याशी के नाम पर मंथन किया। सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव भी सैफई पहुंच गए थे। अखिलेश यादव ने रामगोपाल के घर जाकर लगभग डेढ़ घंटे मैनपुरी उपचुनाव और पार्टी के प्रत्याशी को लेकर मंथन किया। रामगोपाल के साथ अखिलेश इटावा भी गए। पूरे दिन प्रत्याशी के नाम की घोषणा की चर्चा होती रही। लेकिन घोषणा नहीं हुई। आज सपा अपना प्रत्याशी घोषित कर देगी ऐसा कहा जा रहा है।