गाजीपुर:
संवाददाता: पुनित कुमार त्रिपाठी
गंगा घाट पर दोपहर नहाते समय नदी में डूबकर युवक की मौत।
गाजीपुर। सैदपुर में बुढे़नाथ महादेव गंगा घाट पर दोपहर नहाते समय नदी में डूबकर युवक की मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से डेढ़ घंटे बाद युवक का शव निकाला। युवक की बहन की कल ही शादी भी होनी है। बहन की डोली उठने से पहले भाई की अर्थी उठ गई। घर पर बहन की शादी की तैयारियां चल रहीं थी। इस बीच युवक दोस्तों के साथ नहाने के लिए बुढे़नाथ महादेव गंगा घाट पर पहुंच गया। यहां वह डूब गया। सूचना मिलते ही घाट पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक को डेढ़ घंटे बाद नदी से निकाला। इसके बाद तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चंदौली जनपद के मारूफपुर गांव निवासी अभिषेक चौरसिया पुत्र विक्रमा चौरसिया बुधवार की दोपहर को अपने रिश्ते के दोस्त सुजीत चौरसिया और राकी यादव के साथ सैदपुर बाजार में आया था। यहां तीनों दोस्तों ने घर पर आयोजित बड़े पिता चंद्रमा चौरसिया की पुत्री पूजा की शादी के पूर्व, आवश्यक खरीदारी की। पूजा की शादी गुरुवार को होनी है। इसके बाद तीनों दोस्त नगर के वार्ड संख्या 14 स्थित बूढ़े नाथ महादेव गंगा घाट पर पहुंचे। यहां सभी स्नान करने लगे। अभिषेक का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। इससे पहले कि उसके दोस्त उसे बचा पाते वह नदी की गहराइयों में समा गया। लोगों ने घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दिया।




