रामपुर: उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि रामपुर में पहले चुनाव नहीं होते थे। बूथों और थानों पर सपा के गुंडों का कब्जा रहता था लेकिन, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार बनने के बाद कानून का राज स्थापित हुआ। अब गुंडें या तो जेल में हैं या फिर उत्तर प्रदेश छोड चुके हैं। वायलिन उद्योग को भी दुनिया के आसमान में चमकाने की बात कही।
- रामपुर के वायलिन उद्योग को दुनिया के आसमान में चमकाएगी सरकार
- योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक मंगलवार को रामपुर पहुंचे। यहां हाइवे स्थित एक होटल में आयोजित प्रभावी मतदाता सम्मेलन को संबोधित किया। कहा कि सपा ने रामपुर को अराजकता का अड्डा बना दिया था। भाजपा को विकास की नई ऊंचाइयों पर लेकर जाना चाहती है। वह इसलिए, क्योंकि यहां का इतिहास स्वर्णिम रहा है। जो आजादी से मेल खाता है। लेकिन, सपा ने गुंडागर्दी के जरिए बर्बाद कर दिया। 2012 से 2017 के बीच सपाइयों का यह नारा कि खाली प्लाट हमारा बहुत प्रचलित था। स्थिति थी कि सपा की गाड़ीमें जितना बडा झंडा होता था, उस गाडी में उतना बडा गुंडा होता था, लेकिन, उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद कानून का राज स्थापित हुआ।
गुंडे या तो जेल में हैं या फिर उत्तर प्रदेश छोडकर जा चुके हैं। उन्होंने सबका साथ, सबका विकास नारे का उदाहरण देते हुए कहा जब रामपुर के लाभार्थियों की लिस्ट देखी जा रही थी, तो उसमें यह देखा गया कि अल्पसंख्यकों को सरकार की योजनाओं का सबसे अधिक लाभ मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान योजना समेत तमाम योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पहले चुनाव नहीं होता था। क्योंकि, बूथों से लेकर थाने तक सपा के गुंडों का कब्जा होता था। सपा के गुंडे पुलिस की वर्दी फाड़ देते थे।
भाजपा की सरकार आने के बाद प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। एक कहानी का उदाहरण देते हुए कहा कि सुना है कि एक राजा के पास जिन हुआ करता था। वह जिन राजा की तमाम उम्मीदों को पूरा करता था। लेकिन, जब राजपाट गया, तो वही जिन राजा को पटक-पटक पीटने का काम करने लगा। रामपुर में भी यही हो रहा है। योगी सरकार ने रामपुर को एक जिला एक उत्पाद के मामले में आगे रखा है। हम चाहते हैं कि रामपुर के वायलिन की धुन एक बार फिर दुनिया के आसमान में गूंजे। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना को अधिक से अधिक वोटों से जिताने की अपील की।
सभा में ये रहे मौजूद
प्रभावी बूथ सम्मेलन में माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह,राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, सांसद घनश्याम सिंह लोधी, पैक्सपेड के चेयरमैन सूर्यप्रकाश पाल,भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर, क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर,जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, चमरौआ के ब्लॉक प्रमुख जगपाल सिंह यादव,जिला महामंत्री रविंद्र सिंह रवि, एडवोकेट अजय तिवारी,संचालन जिला मीडिया प्रभारी राजीव मांगलिक ने किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष हंसराज पप्पू, ठाकुर कौशलेंद्र सिंह, श्यामलाल एडवोकेट, श्रीष गुप्ता, सरदार दर्शन सिंह खुराना, रामपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद लोधी, प्रभात अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।