गोंड समाज के जाति प्रमाण पत्र की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना जारी

स्थानीय समाचार

संवाददाता मोनू भारती 

मोहम्मदाबाद गोहना मऊ 

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ): मुहम्मदाबाद गोहना तहसील परिसर में गोंड समाज द्वारा जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। यह धरना अखिल भारतीय गोंड महासभा के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लंबे समय से गोंड समाज के लोगों के जाति प्रमाण पत्र नहीं बनाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें शिक्षा, सरकारी नौकरी और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए समाज के लोगों ने तहसीलदार, उपजिलाधिकारी, सीआरओ और जिलाधिकारी कार्यालय में कई बार शिकायतें दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को भी वे तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरने और आमरण अनशन पर बैठे थे। उस दौरान उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तहसीलदार द्वारा 31 दिसंबर 2025 तक जांच पूरी कर जाति प्रमाण पत्र जारी करने का आश्वासन दिया गया था। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद धरना अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया था, लेकिन तय समय सीमा तक एक भी जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया।

प्रशासन द्वारा वादा पूरा न किए जाने से आक्रोशित गोंड समाज के लोग 2 जनवरी से पुनः अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। वर्तमान धरने में लगभग 50 महिलाएं, 50 पुरुष और करीब 100 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। कुल मिलाकर लगभग 200 लोग धरने में भाग ले रहे हैं।

धरनारत लोगों का कहना है कि सरकारी नौकरी की परीक्षाओं सहित कई जगहों पर जाति प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से मांगा जा रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही यह भी कहा गया कि धरने के दौरान यदि गोंड समाज के किसी भी व्यक्ति को कोई क्षति होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस संबंध में तहसीलदार अनिश सिंह ने बताया कि प्रदर्शनकारी पिछले दो दिनों से धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि आज संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।