मासूम ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबा, एक की मौत, दो घायल

स्थानीय समाचार

सोनू मौर्य/ टिकैतनगर:   टिकैतनगर थाना क्षेत्र के बारिन बाग चौराहा पर शनिवार की दोपहर गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबकर सात साल के मासूम की मौत हो गई। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए। इस घटना से मृतक के घर में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लिया है। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्राली: टिकवामऊ गांव स्थित मदरसा में आमिर (15) पुत्र आजम निवासी ग्राम खेतासराय, कैफ (13) पुत्र अहद निवासी ग्राम अलियाबाद व अरहम (सात) पुत्र हजरत निवासी ग्राम टिकवामऊ इसी मदरसे में पढ़ते हैं।

शनिवार को भी तीनों छात्र मदरसे में आए थे। लेकिन दोपहर में तीनों छात्र बाइक से चोरी से बारिन बाग चौराहा जा रहे थे। इसी दौरान उधर गुजर रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर तीनों किशोर व बालक घायल हो गए।

एक बालक की मौत, दो घायल:

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने गन्ने के नीचे से तीनों बच्चों को निकाल कर स्थानीय सीएचसी पहुंचाया। यहां डाक्टर ने मासूम अरहम को मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। ट्रैक्टर-ट्राली को पुलिस ने कब्जे में लिया है। मृतक के घर में कोहराम मचा है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक टिकैतनगर जगदीश शुक्ल ने बताया कि जिस ट्रैक्टर ट्राली से हादसा हुआ है उसके चालक पकड़ लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।