लोधेश्वर में जलाभिषेक हेतु वीआईपी कल्चर व्याप्त, गर्भ गृह में पूजन कर रहे मंत्री, बाहर जलाभिषेक के लिए इंतजार करते श्रद्धालु

स्थानीय समाचार

नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी संवाददाता)

—————————————-

 

सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेवा में श्रावण मास के दूसरे सोमवार को आयोजित होने वाले मेले में आज रविवार दोपहर से ही श्रद्धालुओं का हुज़ूम जलाभिषेक के लिए जुटा रहा।

 

इसी क्रम में दोपहर करीब 12 बजे जल शक्ति मंत्री उत्तर प्रदेश स्वतंत्र देव सिंह, खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश शर्मा, एमएलसी अंगद सिंह, पूर्व विधायक शरद अवस्थी समेत जनपद के कई भाजपाई नेताओं के साथ भारी लाव-लश्कर लेकर लोधेश्वर महादेवा में जलाभिषेक करने के लिए आए।

 

बताते चले की मंदिर नियमावली के तहत दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक शयन हेतु मंदिर बंद रहने का प्रावधान है। आज ही नहीं ऐसी व्यवस्था आये दिन लोधेश्वर में बनी रहती हैं। वीआईपी अंदर जलाभिषेक करते रहते हैं और बाहर श्रद्धालु अपने बारी का इन्तजार करते रहते हैं।

पुलिस प्रशासन द्वारा नियमों को दरकिनार कर उमस भरी गर्मी में श्रद्धालुओं को रोक कर मंदिर के अंदर जल शक्ति मंत्री व जनपद के भाजपा नेताओं को जलाभिषेक कराया।

मंदिर के प्रवेश द्वार पर क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत व महादेवा चौकी प्रभारी संतोष त्रिपाठी अपने दल बल के साथ सभी श्रद्धालुओं को रोक दिया और कहा कि जब तक मंत्री पूजा नहीं कर लेंगे तब तक किसी को भी नहीं जाने दिया जायेगा।

वहीं जब तक प्रदेश के मंत्री व जिले के नेताओं ने पूजन नहीं कर लिया तब तक श्रद्धालुओं को मंदिर गर्भ गृह में नहीं जाने दिया गया।

काफी देर से जलाभिषेक के लिए उमस भरी गर्मी में खड़ी हुई एक महिला को चक्कर आ गया और वह गश खा गई। कुछ देर बाद उस महिला ने काल भैरव मंदिर में जाकर जलाभिषेक कर वापस चली गयी।

बताते चले कि श्रद्धालु बिना कुछ खाए पिए जलाभिषेक करने आते हैं।

 

अब सवाल यह उठता है कि क्या भगवान के यहाँ भी वीआईपी कल्चर व्याप्त है। अगर वीआईपी भी आम श्रद्धालुओं की तरह लाइन में लग कर श्रद्धा-भाव से जलाभिषेक करें तो शायद अपनी अलग छवि जनता में बना सके।