संवाददाता वसीम खान
मऊ
मुहम्मदाबाद रेलवे स्टेशन पर “मिशन शक्ति” एवं “एंटी रोमियो अभियान” के अंतर्गत उपनिरीक्षक (महिला होमगार्ड) मीरा चौरसिया द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्टेशन परिसर में मौजूद छात्राओं एवं बच्चों को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इन हेल्पलाइन नंबरों में 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 102 गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए सेवा, 108 एम्बुलेंस सेवा तथा 101 अग्निशमन सेवा जैसे अत्यंत आवश्यक नंबर शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों से उनकी व्यक्तिगत व सामाजिक समस्याओं के बारे में बातचीत की गई और उन्हें इन सेवाओं का सही समय पर कैसे उपयोग करना है, इसकी विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर में मौजूद कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई ताकि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके तथा बच्चियों एवं महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों, विशेषकर बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त करने के संसाधनों से अवगत कराना तथा समाज में सुरक्षा और विश्वास की भावना को और मजबूत करना रहा।




